अवध विवि में स्थापित होगी एशिया की सबसे बड़ी संगीत अकादमी

डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद सभागार में 30 अक्टूबर को एक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जायेगा । ‘गजल की एक शाम, बेगम अख्तर के नाम’ कार्यक्रम के गायकों में मुख्य आकर्षण पद्मश्री सोमा घोष, पामेला जैन,युवी सिंह,आकाश दूबे होंगी. पुरातन छात्रों द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय में बन रहे भारतीय संगीत कला अकादमी के सहायतार्थ होगा। विश्वविद्यालय के पुरातन छात्र और कार्य परिषद सदस्य ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि मल्लिका-ए-गजल पद्मश्री पद्म भूषण बेगम अख्तर के नाम पर स्थापित हो रही इस संगीत अकादमी में भारतीय लोक कला और शास्त्रीय संगीत को संरक्षित किया जायेगा। संगीत कला अकादमी की स्थापना के लिए विश्वविद्यालय एक टोकन मनी के साथ भूमि उपलब्ध करा रहा है. इसका निर्माण जन सहयोग, पुरातन छात्रों के सहयोग और प्रदेश केंद्र सरकार के संस्कृति मंत्रालयों से प्राप्त सहायता के द्वारा निर्मित किया जायेगा।
इस चैरिटी कार्यक्रम की प्रथम कड़ी में 30 अक्टूबर को विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद सभागार में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया है. जिसमें पद्मश्री शोभा घोष पामेला जैन युवी सिंह, आकाश दुबे और सा रे गा मा व अन्य चैनलो के स्टार अपनी प्रस्तुति देंगे। पद्मश्री सोमा घोष भारत रत्न बिस्मिल्लाह खान की दत्तक पुत्री हैं और उन्हें भारतीय संसद में भी गायन का मौका मिला है।
उन्होंने बताया कि यह संगीत कला अकादमी एशिया की सबसे बड़ी अकादमी होगी जिसमें शास्त्रीय संगीत और भारतीय लोक कलाओं को संरक्षित करने के साथ-साथ रोजगारपरक संगीत के हर विधा की शिक्षा दीक्षा दी जायेगी।
इस अकादमी के नियम और परिनियमावली बनाने के लिए कुलपति के द्वारा एक एडवाइजरी बोर्ड का गठन किया जा चुका है जिसमें राकेश रेणु डिप्टी डायरेक्टर एवं सीनियर एडिटर, पब्लिकेशन्स डिविजन, इंफाॅरमेशन एंड ब्रॉडकास्टिंग मिनिस्ट्री, भारत सरकार , मधुमिता भट्टाचार्या असिस्टेंट प्रोफेसर काशी विश्वविद्यालय, प्रोफेसर विनोद कुमार श्रीवास्तव अवध विश्वविद्यालय के साथ डा. राजीव श्रीवास्तव को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में नामित किया गया है। उन्होंनंे बताया कि 30 अक्टूबर के सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम के लिए एक आयोजन समिति का भी गठन किया जा चुका है, जिसमें प्रो. चयन कुमार मिश्रा, प्रो. रमापति मिश्रा, डॉ. सुरेन्द्र मिश्रा, संदीप कुमार प्रो. विनोद कुमार श्रीवास्तव, डा. शैलेंद्र कुमार, डॉ. विनोद चैधरी और कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष डॉ. राजेश सिंह को नामित किया गया है।